फरीदाबाद साइबर पुलिस ने दिल्ली में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

फरीदाबाद : निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दिल्ली के उत्तम नगर में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल तकनीकी साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बल्लभगढ़ की भगत कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे अज्ञात लोगों ने “Veda Quant Council” और “VIP668” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। यहाँ उसे निवेश के जरिए भारी मुनाफे के टिप्स दिए गए। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने “Vent Sec Pro” नामक ऐप डाउनलोड की और कुल 3,79,450 रुपये निवेश कर दिए। ऐप के डैशबोर्ड पर उसका फंड लाभ के साथ 11 लाख रुपये दिखने लगा, लेकिन जब उसने पैसे निकालने चाहे, तो तकनीकी दिक्कत बताकर निकासी रोक दी गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी जांच के बाद दिल्ली के उत्तम नगर और जनकपुरी इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने प्रताप गुप्ता, सतेन्द्र कुमार, जितेन्द्र बलुनी, राज गुप्ता और मनोरंजन बराल उर्फ हैप्पी को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तम नगर में किराये का फ्लैट लेकर कॉल सेंटर चला रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का हर सदस्य विशेष काम संभालता था। मनोरंजन और राज लोगों को फोन कर निवेश के लिए प्रेरित करते थे। जितेन्द्र ने फर्जी निवेश ऐप तैयार करवाई थी, जबकि सतेन्द्र बैंक खातों का इंतजाम करता था। प्रताप के खाते में ठगी की राशि मंगवाई जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों और अन्य शिकार हुए लोगों का विवरण खंगाल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More