दिल्ली स्टेट पैरा एथलेटिक्स के पहले दिन एमसीडी के दिव्यांग छात्रों ने जीते 124 पदक

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने अपनी शारीरिक बाधाओं को मात देते हुए खेल के मैदान पर सफलता का परचम लहराया है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुरू हुई ‘तीसरी दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता’ के पहले ही दिन निगम के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 124 पदक अपने नाम किए।

यह प्रतियोगिता 5 से 7 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में निगम के 200 दिव्यांग छात्रों ने भव्य मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। इन छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट विकास डागर की देखरेख में प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया था, जिसका परिणाम पहले दिन की पदक तालिका में साफ दिखाई दिया।

दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के तहत दृष्टिबाधित, बौद्धिक अक्षमता, मस्तिष्क पक्षाघात और लोकोमोटर दिव्यांगता जैसी विभिन्न श्रेणियों के छात्रों ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक जैसी स्पर्धाओं में भाग लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन 124 पदक जीतना निगम विद्यालयों के उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण और सुविधाओं का प्रमाण है। निगम प्रशासन का कहना है कि वे प्रत्येक छात्र को समान अवसर देने के लिए संकल्पित हैं ताकि ये बच्चे न केवल शिक्षा बल्कि खेल और अन्य क्षेत्रों में भी देश का नाम रोशन कर सकें। आने वाले दो दिनों में भी इन छात्रों से कई और पदकों की उम्मीद जताई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More