न्यू उस्मानपुर में मकान की छत गिरी, हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत, पोता बाल-बाल बचा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ ब्रह्मपुरी स्थित एक मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनका 15 वर्षीय पोता घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 2 फरवरी की रात करीब 2:30 बजे की है। न्यू उस्मानपुर थाने को सूचना मिली कि ब्रह्मपुरी की गली नंबर-2 में एक मकान की छत ढह गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहाँ मलबे के नीचे एक बुजुर्ग महिला और एक किशोर दबे हुए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुँचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बुजुर्ग महिला और उनके पोते का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, उनके 15 वर्षीय पोते की हालत स्थिर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर नंबर 75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 290 और 106 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि छत गिरने का मुख्य कारण क्या था और क्या इसमें निर्माण संबंधी कोई लापरवाही बरती गई थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More