बिना बताए घर से निकले थे 5 दोस्त, टुंडला जंक्शन से 5 नाबालिगों सहित 6 को खोजा, परिवारों में लौटी खुशियां

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लापता हुए 5 नाबालिगों सहित कुल 6 व्यक्तियों को उत्तर प्रदेश के टुंडला से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी निगरानी के चलते इन सभी को उनके परिवारों से मिला दिया गया है, जिससे घर वालों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।

उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को शकूरपुर निवासी दिव्या नाम की महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी छोटी बहन अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ लापता है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तेज पाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में महिला सब-इंस्पेक्टर कोमल, एएसआई जयपाल और अन्य जवान शामिल थे, जो एसीपी सृष्टि भट्ट की करीबी निगरानी में काम कर रहे थे।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से सुराग जुटाए, जिससे पता चला कि सभी लापता बच्चे उत्तर प्रदेश की ओर गए हैं। पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए टुंडला रेलवे जंक्शन पर छापेमारी की और वहां से सभी को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी दोस्त बिना बताए आगरा घूमने के लिए निकल गए थे और वहां टुंडला के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।

बरामद किए गए व्यक्तियों में 18 वर्षीय मोहित और 5 अन्य नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों ने दिल्ली पुलिस की इस मुस्तैदी और संवेदनशीलता के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More