स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, छीने गए मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की केशव पुरम थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय स्नैचर्स के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक ‘हरी सिंह उर्फ हेरी’ हत्या और रंगदारी जैसे संगीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग वारदातों में छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि केशव पुरम इलाके में स्नैचिंग की दो हालिया वारदातों के बाद अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। एसीपी आकाश रावत की निगरानी और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई मोहित और उनकी टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और बदमाशों के भागने के रूट का बारीकी से विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दिनेश (25) और हरी सिंह उर्फ हेरी (40) को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी नशा और शराब की लत को पूरा करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हरी सिंह उर्फ हेरी एक घोषित अपराधी है, जिस पर पहले से हत्या, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। वहीं दिनेश शालीमार बाग इलाके का रहने वाला है। आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में स्नैचिंग की दो प्रमुख गुत्थियाँ सुलझ गई हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि इन्होंने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More