कीर्ति नगर में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई: मार्वल मार्केट के पास टाटा जेस्ट कार से 1100 पव्वे बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली जिला की कीर्ति नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में हरियाणा मार्क की अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टाटा जेस्ट कार जब्त की है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 3 फरवरी की रात करीब 12:45 बजे, कीर्ति नगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र रिंग रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मार्वल मार्केट के पास सर्विस रोड पर एक संदिग्ध टाटा जेस्ट कार को रुकने का इशारा किया गया। जब कार की गहनता से तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए।

कार के अंदर से ‘फाल्कन’ ब्रांड देसी शराब के 22 कार्टन बरामद हुए, जिनमें कुल 1100 पव्वे भरे हुए थे। यह शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी और इसे दिल्ली में अवैध रूप से खपाने के लिए लाया गया था। कार चालक शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो दिल्ली के दरियापुर कलां का रहने वाला है। पुलिस ने दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और दिल्ली में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More