बहन के प्रेम संबंधों से नाराज भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर की हत्या, पुलिस ने नाबालिग समेत तीन को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की तिलक नगर पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर शिवम हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता एक नाबालिग और उसके दो साथी अक्षत उर्फ हनी व मनीष शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की वजह मृतक का आरोपी की बहन के साथ प्रेम संबंध होना था, जिससे नाराज होकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 2-3 फरवरी की दरमियानी रात पुलिस को तिलक नगर इलाके में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एएसआई चंद्रहास और हेड कांस्टेबल प्रदीप मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक 20 वर्षीय घायल शिवम को डीडीयू अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलक नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान क्राइम टीम और एफएसएल की मदद ली गई। चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के वैज्ञानिक विश्लेषण से पता चला कि आरोपी की बहन और मृतक शिवम के बीच के रिश्तों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में नाबालिग आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर शिवम को घेरा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी अलग-अलग ठिकानों पर छिप गए थे।

एसीपी गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर कैलाश चंद के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों का पीछा किया और छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी घटनास्थल के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More