मयूर विहार फेज-1 में युवक की नृशंस हत्या का मामला सुलझा, पुलिस ने 3 नाबालिगों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस ने मयूर विहार फेज-1 इलाके में हुई एक सनसनीखेज चाकूबाजी और हत्या के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस की स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड और पांडव नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन किशोरों को पकड़ लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 2 फरवरी की रात करीब 08:15 बजे सूचना मिली थी कि आचार्य निकेतन के पास सागर रत्ना रेस्टोरेंट के नजदीक एक युवक को चाकुओं से गोद दिया गया है। मौके पर पहुँची पुलिस को सड़क पर खून बिखरा मिला। घायल 22 वर्षीय अरुण राज को राहगीरों ने अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पटपड़गंज गांव का रहने वाला था। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

एडिशनल डीसीपी संजय सिंह और एसीपी पवन कुमार की देखरेख में स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक और एएनएस इंचार्ज इंस्पेक्टर अरुण कुमार की टीमों ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। सबसे पहले पुलिस ने 16 वर्षीय ‘M’ को समसपुर गांव से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चिल्ला गांव से ‘S’ और शशि गार्डन से ‘W’ को भी हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात वाले दिन मृतक अरुण राज ने एक नाबालिग आरोपी ‘S’ के साथ मारपीट की थी। इसके बाद ‘S’ ने अपने दो अन्य साथियों को बुलाया और तीनों ने मिलकर अरुण पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक इनमें से एक आरोपी की बहन पर कथित तौर पर दबाव बना रहा था, जिससे उनके बीच रंजिश और गहरी हो गई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने मुख्य आरोपी ‘M’ के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पांडव नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन किशोरों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More