द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर सेंधमार, 12 लाख के सोने के गहनों समेत 27 वारदातों का ‘हिस्ट्रीशीटर’ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की एंटी-बर्गरली सेल ने एक शातिर और सक्रिय चोर को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी ‘राहुल दिवाकर उर्फ मनप्रीत’ बिंदापुर थाने का घोषित अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) है। पुलिस ने इसके पास से करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इसकी गिरफ्तारी से चोरी और सेंधमारी के करीब 8 मामले सुलझ गए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 21 जनवरी को राजपुरी निवासी गुलशन कुमार ने घर में सेंधमारी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रविंद्र अहलावत की देखरेख में इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब एक हफ्ते तक इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में दो नकाबपोश चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसते दिखे। लंबी जांच और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी की पहचान राहुल दिवाकर के रूप में हुई।

पुलिस टीम को 4 फरवरी को गुप्त सूचना मिली कि राहुल चोरी के गहने बेचने के इरादे से सेक्टर-3 द्वारका के डीडीए पार्क के पास आने वाला है। एसआई विनोद कुमार और उनकी टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 जोड़ी कान की बालियां, 5 झुमके, 4 अंगूठियां, मंगलसूत्र, मांग टीका, सोने की चेन और 3 चोरी के मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कुछ गहने मुथूट फिनकॉर्प में गिरवी भी रखे थे।

आरोपी राहुल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड काफी चौंकाने वाला है। वह पहले से लूट और चोरी के 27 मामलों में शामिल रहा है। इटावा (यूपी) का रहने वाला राहुल कम उम्र में ही नशे की लत के कारण अपराध की दुनिया में उतर गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से वारदातों को अंजाम देने लगा था। फिलहाल पुलिस उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगा रही है कि उसने अब तक और कहां-कहां सेंधमारी की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More