दिल्ली से राजस्थान और गुजरात तक दौड़ी जहाँगीर पुरी थाना पुलिस, 2 नाबालिग लड़कियों सहित 5 लापता लोगों को अपनों से मिलाया

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के थाना जहाँगीर पुरी ने मानवीय संवदेना और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए 5 लापता व अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस की विशेष टीमों ने न केवल दिल्ली, बल्कि राजस्थान और गुजरात तक पीछा कर दो नाबालिग लड़कियों सहित पांचों पीड़ितों को उनके परिवारों से मिलाया। इनमें से चार व्यक्तियों को तो पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर ही तलाश लिया।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि जहाँगीर पुरी इलाके से अलग-अलग समय पर 5 लोगों के लापता होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसीपी जहाँगीर पुरी योगेंद्र खोकहर और एसएचओ सतविंदर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने जमीनी सत्यापन और तकनीकी सर्विलांस की मदद से ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 29 जनवरी को अपहृत हुई एक नाबालिग लड़की को एसआई राजेश की टीम ने राजस्थान के भीलवाड़ा से 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। वहीं, एक अन्य नाबालिग लड़की, जो पिछले साल से लापता थी, उसे एएसआई अशोक की टीम ने गुजरात के सूरत से सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके अलावा सागर (26 वर्ष) और सपना (30 वर्ष) को उनकी टीमों ने महज 24 घंटे के रिकॉर्ड समय में तलाश कर उनके परिजनों को सौंपा। चंदनी (28 वर्ष) नाम की महिला को भी एचसी अमित की टीम ने सुरक्षित खोज लिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More