घर बैठे कमाई के चक्कर में गंवाए 17 लाख, दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा शातिर जालसाज

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस के साइबर सेल ने घर बैठे मोटी कमाई का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के जालना जिले से दबोचा और उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाई है। आरोपी ने एक व्यक्ति से ₹17,16,777/- की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि दिल्ली के त्रि नगर निवासी राहुल सैनी ने साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे वर्क-फ्रॉम-होम के बहाने ‘पेड टास्क’ का लालच दिया गया और धीरे-धीरे उससे 17 लाख रुपये से अधिक की राशि निवेश करवाकर ठग ली गई। इस शिकायत पर थाना साइबर/उत्तर-पश्चिमी जिला में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी साइबर राजीव कुमार और इंस्पेक्टर दिनेश दहिया के नेतृत्व में एसआई आरएन अशांग, हेड कांस्टेबल अमित और टीम ने तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठगी की रकम को कई ‘म्यूल अकाउंट्स’ में घुमाया गया और अंत में महाराष्ट्र के जालना में ‘सेल्फ चेक’ के माध्यम से निकाला गया। पुलिस टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा करते हुए जालना में छापेमारी की और आरोपी पठान उज़ेफ़ खालिल ख़ान (25 वर्ष) को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक निजी होटल में शेफ का काम करता है, लेकिन अपनी खर्चीली जीवनशैली और माता-पिता की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वह साइबर ठगों के गिरोह में शामिल हो गया। वह ठगी के पैसों के लेनदेन और उसे बैंक से निकालने का काम संभालता था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More