पटेल नगर से चोरी की स्कूटी और शिवाजी मार्ग पर झपटमारी; मोती नगर थाना पुलिस ने अपराधी को भेजा जेल

नई दिल्ली: दिल्ली की वेस्ट जिला पुलिस के अंतर्गत मोती नगर थाने की क्रैक टीम और बीट स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर झपटमार को वारदात के महज 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है। जांच में पता चला है कि बरामद स्कूटी पटेल नगर इलाके से चोरी की गई थी।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 29 जनवरी को मोती नगर के शिवाजी मार्ग पर एक मोबाइल झपटमारी की वारदात हुई थी। इलाके में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए एसीपी पंजाबी बाग शिवम और एसएचओ मोती नगर वरुण दलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि आरोपी ने मास्क लगाकर अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसकी पहचान कर ली।

30 जनवरी को पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी समीर उर्फ बिरयानी (27 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी नेहरू नगर इलाके का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की। पकड़ा गया आरोपी समीर एक घोषित अपराधी है, जिस पर पहले से ही मोती नगर, आनंद पर्वत और सराय रोहिल्ला थानों में लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से मोती नगर और पटेल नगर थानों के दो महत्वपूर्ण मामले सुलझ गए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More