मास्टर की से उड़ाते थे स्कूटी और बाइक, सराय काले खां चौकी स्टाफ ने पीछा कर दबोचे दो ऑटो लिफ्टर, चार बाइक और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस के अंतर्गत सराय काले खां चौकी की टीम ने वाहन चोरी के मामलों को सुलझाते हुए एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और तीन स्कूटी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों में से एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से चोरी और डकैती जैसे 17 मामले दर्ज हैं।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी बताया कि इलाके में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसीपी लाजपत नगर मिहिर सकारिया और एसएचओ अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम का नेतृत्व चौकी प्रभारी एसआई नागेंद्र कुमार कर रहे थे, जिसमें एसआई दीपक, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, रंजीत और कांस्टेबल राकेश शामिल थे। 1 फरवरी को अमानत उल्लाह अंसारी ने अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद त्वरित जांच शुरू की।

गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने 2 फरवरी की आधी रात को आरआरटीएस रेलवे रोड के पास जाल बिछाया। पुलिस ने एक स्कूटी पर आ रहे दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें पीछा कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद स्कूटी चोरी की पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेट्रो स्टेशनों के पास से मास्टर की का इस्तेमाल कर वाहन चोरी करते थे।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश (23 वर्ष) और आमिर उर्फ दानिश (30 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी आमिर एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट और एक्साइज एक्ट के 17 मामले पहले से दर्ज हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य वाहन भी बरामद किए हैं, जो निजामुद्दीन और महेंद्र पार्क इलाकों से चोरी किए गए थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More