पांडव नगर में डिलीवरी बॉय की गला रेतकर हत्या, पुलिस ने तीन नाबालिगों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार इलाके में एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन हमलावरों ने मामूली कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे की है, जब पुलिस को मयूर विहार के आचार्य निकेतन में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुँची पुलिस टीम को 22 वर्षीय अरुण राज खून से लथपथ हालत में मिला। अरुण पटपड़गंज का रहने वाला था और डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता था। उसे तुरंत लाल बहादुर शास्त्र अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के गले और छाती पर चाकू के कई गहरे निशान पाए गए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन लड़कों का अरुण के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उन्होंने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और छापेमारी शुरू की। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पांडव नगर थाना पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More