गोविंदपुरी हत्याकांड सुलझा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य संदिग्ध भी पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के कांगड़ मोहल्ला में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने तत्परता से सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग सहित तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुरानी रंजिश या आपसी झगड़े के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुख्य आरोपी की पहचान 18 वर्षीय भविष्य कुमार उर्फ ऋषि गुप्ता के रूप में हुई है, जो कांगड़ मोहल्ला, तुगलकाबाद गांव का ही रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, तीन अन्य संदिग्धों को भी पकड़ा गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड में उनकी सटीक भूमिका का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि सोमवार दोपहर करीब 03:45 बजे कांगड़ मोहल्ला के एक घर की दहलीज पर 22 वर्षीय हिमांशु कुमार चौहान उर्फ अंशू का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा का रहने वाला था और पिछले तीन महीनों से बेरोजगार था। घटना के तुरंत बाद एसीपी कालकाजी और एसएचओ गोविंदपुरी के नेतृत्व में टीमों ने छापेमारी शुरू की थी।

क्राइम टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पूरी साजिश का खुलासा किया जा रहा है। पकड़े गए अन्य संदिग्धों से भी वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य कड़ियों के बारे में पूछताछ जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More