तुगलकाबाद के कांगड़ मोहल्ला में युवक की हत्या, घर की दहलीज पर मिला खून से लथपथ शव, आरोपियों की तलाश जारी

नई दिल्ली: दिल्ली का गोविंदपुरी इलाका सोमवार दोपहर उस वक्त गोलियों और चीख-पुकार की गूंज से दहल गया, जब तुगलकाबाद स्थित कंगड़ मोहल्ला में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हिमांशु कुमार चौहान उर्फ अंशु के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 3:45 बजे पीसीआर को कंगड़ मोहल्ला में झगड़े की सूचना मिली थी। जब गोविंदपुरी थाने की टीम मौके पर पहुंची, तो मकान नंबर 268 के दरवाजे पर हिमांशु का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में जिले के आला अधिकारी, जिनमें एसीपी कालकाजी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शामिल थे, घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा का रहने वाला था और वर्तमान में कंगड़ मोहल्ला में ही रह रहा था। परिजनों के अनुसार, वह पहले ओखला फेज-1 स्थित एक संस्थान में हाउसकीपिंग का काम करता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से उसके पास कोई काम नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और सुराग जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स मोर्चरी भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More