पहाड़गंज में शर्मनाक वारदात: अपनी ही नाबालिग बेटी का यौन शोषण करने वाला कलयुगी पिता गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने रिश्तों को कलंकित करने वाले एक बेहद संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पिता को अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता पिछले कई दिनों से अपनी बेटी को हवस का शिकार बना रहा था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। पहाड़गंज थाना पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 1 फरवरी को कक्षा 8 में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की अपने मकान मालिक और दोस्त के माता-पिता के साथ थाने पहुँची। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां करीब 15 दिन पहले बिहार स्थित अपने गांव गई हुई है। इसी का फायदा उठाकर 31 जनवरी की रात करीब 1:30 बजे, जब वह अपनी छोटी बहन और पिता के साथ सो रही थी, तब उसके पिता ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे बुरी तरह डराया और धमकाया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए खुलासा किया कि पिछले 10-15 दिनों में उसके साथ 4-5 बार ऐसी घिनौनी हरकत की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएचओ और एसीपी पहाड़गंज के नेतृत्व में एसआई कैखो अशुने, एसआई स्वीटी और अन्य कर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता के कपड़े व बेडशीट जैसे महत्वपूर्ण फॉरेंसिक साक्ष्य जब्त किए। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए गए, जिसमें उसने सभी आरोपों की पुष्टि की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More