अवैध संबंधों में बाधा बने पति का पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर किया कत्ल, सिर पर पत्थर मार रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच DLF टीम ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पति की हत्या के मामले में उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मिलकर बड़ी बेरहमी से व्यक्ति की हत्या की और पहचान छुपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब 18 जनवरी को झारखंड के गोड्डा निवासी सन्नी ने पुलिस चौकी सेक्टर-46 में अपने भाई सुमन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान मृतक के भाई ने सुमन की पत्नी और उसके प्रेमी के बीच अवैध संबंधों का शक जताया। इसके बाद क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं और एक खौफनाक साजिश सामने आई।

पूछताछ में पता चला कि मृतक सुमन को अपनी पत्नी कविता (काल्पनिक नाम) और आरोपी रियाउल के संबंधों के बारे में पता चल गया था। खुद को बचाने और सुमन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। 30 नवंबर को दोनों ने सुमन को मेवला महाराजपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास बुलाया और उसके सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव की पहचान मिटाने और इसे एक हादसा साबित करने के लिए मृतक का चेहरा पटरी पर रख दिया ताकि वह क्षत-विक्षत हो जाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी वापस झारखंड चली गई थी।

पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी रियाउल, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More