सवारी बनकर लूटते थे ई-रिक्शा, खजूरी खास थाना पुलिस ने गैंग के 9 सदस्यों को दबोचा, 10 ई-रिक्शा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की खजूरी खास थाना पुलिस ने ई-रिक्शा लूटने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 4 साबुत ई-रिक्शा, 6 कटे हुए ई-रिक्शा और भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। यह गिरोह सवारियां बनकर ई-रिक्शा लूटता था और फिर उनकी पहचान मिटाने के लिए उन्हें काट देता था।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि 29 जनवरी को सोनिया विहार निवासी उमेश ने लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 28 जनवरी की रात जब वह खजूरी चौक से चार सवारियों को लेकर करावल नगर जा रहा था, तभी सीआरपीएफ कैंप के पास चारों बदमाशों ने उससे ई-रिक्शा लूट लिया और फरार हो गए। इस शिकायत पर खजूरी खास थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

एसीपी खजूरी खास यतिन शर्मा के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर राकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए पहले चार संदिग्धों—शाहबाज, परवेज आलम, समीर और अमन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान इन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया और उन लोगों के नाम बताए जिन्हें ये लूटे हुए ई-रिक्शा बेचते थे। इनकी निशानदेही पर फरमान मलिक, उबेद और सोनू को भी दबोच लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि मोहसिन और आमिर नाम के दो युवक इन लूटे गए रिक्शों का हुलिया बदलने और उन्हें काटने का काम करते थे, जिन्हें पुलिस ने छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 ई-रिक्शा (4 पूर्ण और 6 कटी हुई अवस्था में) बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगाल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More