क्रेडिट कार्ड को ‘वीजा’ से ‘रुपये’ में बदलने के नाम पर ठगी, साइबर थाना सेंट्रल ने यूपी से दबोचा जालसाज

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के बहाने मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले गिरोह के खिलाफ एक और सफल कार्रवाई की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-15 निवासी एक व्यक्ति से 1,44,999 रुपये की ठगी करने के मामले में उत्तर प्रदेश के महोबा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण राजपूत (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीए तृतीय वर्ष का छात्र है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-15 के रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के पास एक अनजान नंबर से फोन आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने उसके क्रेडिट कार्ड को ‘वीजा’ से ‘रुपये’ कार्ड में बदलने का प्रलोभन दिया। इसके बाद ठग ने उसके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक कर अपने क्रेडिट कार्ड की पूरी जानकारी भरी, उसके खाते से 1,44,999 रुपये कट गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस में मामला दर्ज कराया।

साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महोबा निवासी अरुण राजपूत को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपनी सिम कार्ड ठगों को बेच दी थी, जिसका उपयोग इस वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस सिम कार्ड के जरिए और कितने लोगों को शिकार बनाया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More