क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर 38 लाख से अधिक की ठगी, फरीदाबाद साइबर पुलिस ने राजस्थान से आरोपी को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 38,54,000 रुपये की बड़ी ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के अजमेर से एक खाताधारक देवेश शर्मा (26) को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से क्रेडिट कार्ड एडवाइजर का काम करता है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, फेसबुक पर उसे एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कथित युवती ने उसे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसके झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 38,54,000 रुपये निवेश कर दिए। जब उसे कोई रिटर्न नहीं मिला, तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने मामला दर्ज कराया।

साइबर पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी देवेश शर्मा को अजमेर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का बैंक खाता इस ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया गया था और उसके खाते में ठगी के 30,000 रुपये आए थे। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और ठगी गई शेष राशि के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More