टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों की ठगी: बैंक खाता मुहैया कराने वाला B.Sc छात्र गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन टास्क के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर 6,94,800 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सक्षम यादव (22 वर्ष), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-11 निवासी प्रशांत ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि फेसबुक सर्फिंग के दौरान उसने एक लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया। वहां उसे पार्ट-टाइम और फुल-टाइम काम कर घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर कुछ टास्क पूरे करने को कहा गया। अधिक लाभ के चक्कर में पीड़ित ने ‘प्रीपेड टास्क’ के रूप में कुल 6,94,800 रुपये का निवेश कर दिया, लेकिन उसे न तो मूल राशि वापस मिली और न ही कोई मुनाफा।

साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सक्षम यादव ने सौरव नामक व्यक्ति से बैंक खाता लेकर उसे आगे ठगों को मुहैया कराया था। आरोपी B.Sc का छात्र है और आसान पैसों के लालच में इस नेटवर्क का हिस्सा बन गया। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों, रामकुमार और सौरव को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सक्षम को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी गई राशि की बरामदगी के संबंध में पूछताछ करेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More