चोरी की बाइक को पैदल ले जा रहा था नाबालिग, पुलिस ने दबोचा, यामाहा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस के बीट स्टाफ ने सतर्कता का परिचय देते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल को महज 6 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है, जो चोरी की बाइक को पैदल धक्का मार कर ले जा रहा था।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 28 जनवरी को कांस्टेबल साजन सदर थाना चौक स्थित पुलिस बूथ के पास अपनी बीट में गश्त पर तैनात थे। गश्त के दौरान उन्होंने एक कम उम्र के लड़के को काली यामाहा मोटरसाइकिल को पैदल धक्का मारकर ले जाते देखा। लड़के की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए कांस्टेबल साजन ने उसे तुरंत रोक कर पूछताछ की। मोटरसाइकिल के मालिकाना हक के बारे में पूछने पर लड़का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

जांच करने पर पता चला कि उक्त यामाहा मोटरसाइकिल उसी रात चोरी हुई थी, जिसके संबंध में नबी करीम थाने में ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलते ही थाना नबी करीम के एसएचओ गुलशन नागपाल और एसीपी पहाड़गंज के नेतृत्व में एएसआई रवि कुमार, हेड कांस्टेबल एम.पी. सिंह और नितिन की टीम मौके पर पहुँची और नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया नाबालिग 16 वर्ष का है और पहाड़गंज इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More