बीच-बचाव करने गए युवक पर ब्लेड से किया हमला, गिरफ्तारी रोकने के लिए परिवार ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली की जामा मस्जिद थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हमले के मामले को सुलझाते हुए हौज काजी इलाके के एक “बैड कैरेक्टर” को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने खुद को घर में कैद कर लिया और उसके परिवार ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से उसे दबोच लिया।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 23 जनवरी की तड़के करीब 02:30 बजे जामा मस्जिद इलाके में झगड़ा छुड़ाने पहुंचे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। पीड़ित ने बताया कि जब वह मटिया महल से लौट रहा था, तब उसने अपने परिचित शादाब को एक व्यक्ति के साथ झगड़ते देखा। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने अचानक उग्र होकर पीड़ित के चेहरे पर ब्लेड जैसे नुकीले हथियार से वार कर दिया और फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ आदेश प्रकाश और एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के नेतृत्व में एसआई आयुष राजपूत, हेड कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल लवनीश की टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान अब्दुल समद उर्फ समीर (29 वर्ष) के रूप में हुई।

30 जनवरी की रात जब पुलिस टीम ने चूरीवालान में छापेमारी की, तो आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और उसकी बहन ने पीसीआर कॉल कर पुलिस को गुमराह करने व काम रोकने की कोशिश की। अंततः पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामलों में शामिल रहा है और जनवरी 2026 में ही जमानत पर बाहर आया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More