पुरानी रंजिश में स्कूल वैन के बाहर किशोर को मारा था चाकू, पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पटेल नगर इलाके में हुई चाकूबाजी और हत्या के प्रयास के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त चार नाबालिगों को पकड़ा है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 28 जनवरी को पटेल नगर थाने में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुँची जहाँ घायल किशोर का इलाज चल रहा था। घायल 16 वर्षीय किशोर ने बताया कि वह दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल के बाहर अपने पिता की स्कूल वैन में बैठा था। इसी दौरान आनंद पर्वत के रहने वाले कुछ लड़के वहां आए और वैन के शीशे तोड़ने लगे। जब पीड़ित ने भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जान से मारने की नीयत से उसकी पीठ पर दो बार चाकू से हमला किया। पीड़ित ने बताया कि करीब 5-6 दिन पहले ही इन लड़कों से उसका व्यक्तिगत विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटेल नगर के एसएचओ और एसीपी के नेतृत्व में एसआई अनुज, पीएसआई सागर और हेड कांस्टेबल मुकेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए तकनीकी व मैन्युअल निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी आनंद पर्वत स्थित रामजस पार्क में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर चारों नाबालिगों को धर दबोचा।

पकड़े गए नाबालिगों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने इस हमले को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More