कार से टकराई बाइक और सलाखों के पीछे पहुँचा झपटमार, तीन मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर झपटमार को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एक सड़क हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने पीछा करके दबोच लिया, जिसके पास से झपटे गए तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि अपराध की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिले में गश्ती टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। इसी अभियान के तहत 27 जनवरी को पीपी सीधीपुरा के कांस्टेबल प्रताप रानी झांसी रोड, मॉडल बस्ती रेड लाइट के पास गश्त पर थे। तभी उन्होंने देखा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़के खड़ी कार से टकरा गए। पुलिस को अपनी ओर आता देख तीनों लड़के घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे।

संदेह होने पर कांस्टेबल प्रताप ने उनका पीछा किया और एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी मोटरसाइकिल सहित फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए आरोपी की पहचान ऋतिक उर्फ कलवा (22 वर्ष), निवासी नबी करीम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन मिले, जिसके संबंध में वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों वसीम और सलीम के साथ मिलकर आनंद पर्वत इलाके से एक पल्सर बाइक चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल कर मोती नगर व लाहौरी गेट इलाके में मोबाइल झपटने की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश और बरामद मोबाइलों के मालिकों का पता लगाने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More