युवा कांग्रेस का बजट और एपस्टीन फाइल्स के मुद्दे पर रायसीना रोड पर भारी विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली: भारतीय युवा कांग्रेस ने रविवार को केंद्रीय बजट और ‘एपस्टीन फाइल्स’ के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की सड़कों पर उतरकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता रायसीना रोड की ओर कूच कर रहे थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

बजट नहीं, जनता के साथ विश्वासघात: चिब

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उदय भानु चिब ने केंद्रीय बजट को देश की अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक बताया। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार की अफरा-तफरी यह साबित करती है कि यह बजट प्रगति के बजाय विनाश की ओर ले जाने वाला है। चिब ने आरोप लगाया कि बजट में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी की गई है और युवाओं के लिए रोजगार या महंगाई से राहत का कोई ठोस रोडमैप नहीं दिया गया है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ‘मोदी सरकार’ का असली मतलब ‘वसूली सरकार’ बन चुका है।

एपस्टीन फाइल्स पर उठाए तीखे सवाल

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने अमेरिका में जारी ‘एपस्टीन फाइल्स’ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन फाइल्स में प्रधानमंत्री का नाम आना और विदेश मंत्रालय द्वारा सफाई देना यह दर्शाता है कि “पूरी दाल ही काली है।” चिब ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री का जेफरी एपस्टीन के साथ क्या रिश्ता है और फाइल्स में लिखे “IT WORKED!” का क्या अर्थ है? उन्होंने इसे राष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रधानमंत्री से जवाब की मांग की।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने भी बजट को जनता के मुद्दों पर मौन करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने पुराने वादों को भी भुला दिया है और एपस्टीन मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी शर्मनाक है। इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More