शातिर सेंधमारों का अंतरराज्यीय गैंग बेनकाब: पुलिस चौकी में छोड़ा मोबाइल नंबर बना काल, राजस्थान से 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस की मजनू का टीला चौकी की टीम ने एक अंतरराज्यीय शातिर सेंधमार गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर न केवल चोरी की वारदात को सुलझाया, बल्कि आरोपियों को राजस्थान के श्रीगंगानगर से दबोच लिया। इनके पास से भारी मात्रा में चोरी की चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि वारदात से ठीक पहले आरोपी खुद अपनी एक शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे, जहाँ अनजाने में छोड़ा गया उनका मोबाइल नंबर ही उनकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा सुराग बन गया।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 21 जनवरी को ओल्ड चंद्रावल निवासी धर्मवीर ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। रेलवे कर्मचारी धर्मवीर ने बताया कि चोरों ने ताले तोड़कर करीब 75 हजार रुपये नकद, एलसीडी और सोने-चांदी के गहने साफ कर दिए हैं। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एसीपी विकास कुमार मीणा और थानाध्यक्ष हनुमंत सिंह के मार्गदर्शन में मजनू का टीला चौकी प्रभारी एसआई नवीन सिंधु के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50-60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए, जिनकी शक्ल उन युवकों से मेल खा रही थी जो वारदात वाली रात करीब 1:45 बजे किसी से झगड़े की शिकायत लेकर मजनू का टीला चौकी आए थे। उस समय पुलिस ने जब उनसे आईडी कार्ड मांगा, तो वे बहाना बनाकर चले गए थे, लेकिन हड़बड़ी में अपना मोबाइल नंबर एक कागज पर लिख छोड़ गए थे। तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस को उनकी लोकेशन राजस्थान में मिली।

पुलिस टीम ने तुरंत राजस्थान के श्रीगंगानगर में छापेमारी की और वहां से तीन आरोपियों—बब्बू (27), पवन (39) और कमल उर्फ मन्नू (26) को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और लूट के माल के बंटवारे को लेकर आपस में भिड़ भी गए थे। उनकी निशानदेही पर दिल्ली के जंगपुरा स्थित एक ज्वेलरी शॉप से 763 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले सुनार विनोद कुमार जैन के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की है। आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वे राजस्थान व दिल्ली में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More