‘वन इंडिया – वन टिकट’ की ओर कदम: अब एक साथ बुक होंगे नमो भारत और भारतीय रेलवे के टिकट

नई दिल्ली: नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन और आईआरसीटीसी ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए एक एकीकृत टिकटिंग प्रणाली की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के बाद अब भारतीय रेलवे और नमो भारत के यात्रियों के लिए एंड-टू-एंड सफर की बुकिंग बेहद आसान हो गई है। अब यात्री एक ही डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए अपनी पूरी यात्रा की योजना बना सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ-साथ बार-बार जानकारी दर्ज करने की झंझट से भी मुक्ति मिलेगी।

भारत सरकार की ‘वन इंडिया – वन टिकट’ परिकल्पना को साकार करते हुए इस प्रणाली को दोनों संगठनों के मोबाइल ऐप्स के साथ जोड़ा गया है। अब नमो भारत के यात्री अपने ऐप पर मौजूद आईआरसीटीसी आइकन के जरिए सीधे भारतीय रेल के टिकट बुक कर सकेंगे। वहीं, आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट ऐप पर दिल्ली का टिकट बुक करने वाले यात्रियों को पीएनआर कन्फर्मेशन पेज पर ही नमो भारत टिकट बुकिंग का विकल्प दिखाई देगा। यह सुविधा यात्रियों को मेरठ से दिल्ली आने और फिर आनंद विहार जैसे प्रमुख स्टेशनों से लंबी दूरी की ट्रेनों में सवार होने के लिए एक निर्बाध अनुभव प्रदान करेगी।

एनसीआरटीसी ने कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए हाल ही में दिल्ली मेट्रो के साथ भी इसी तरह का डिजिटल एकीकरण किया है। इसके तहत यात्री एक-दूसरे के मोबाइल ऐप्स के माध्यम से नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के टिकट बुक कर सकते हैं। यह कदम दिल्ली-एनसीआर में मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में क्रांतिकारी माना जा रहा है।

वर्तमान में 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा (न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक) संचालित है। डिजिटल इंटीग्रेशन के साथ-साथ नमो भारत स्टेशनों पर भौतिक रूप से भी बदलाव किए जा रहे हैं ताकि बस टर्मिनलों, रेलवे स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों के बीच यात्री बिना किसी परेशानी के आवाजाही कर सकें। इस पहल से न केवल यातायात की भीड़ कम होगी, बल्कि यात्रियों के लिए हरित और सतत परिवहन का अनुभव भी बेहतर होगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More