महिंद्रा बोलेरो में छिपाई थी शराब की बोतलें, रोहिणी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी खेप

नई दिल्ली: दिल्ली रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने ‘ऑपरेशन पैंथर-क्लॉ’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब के एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। बेगमपुर थाना इलाके में घेराबंदी कर पकड़े गए इस आरोपी के पास से 90 कार्टन अवैध शराब बरामद की गई है, जिसे हरियाणा से लाकर दिल्ली में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक महिंद्रा बोलेरो कार को भी जब्त कर लिया है।

रोहिणी जिले के एडिशनल सीपी राजीव रंजन ने बताया कि जिले में संगठित अपराध और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर अमित दहिया और एसीपी ईश्वर सिंह के नेतृत्व में एक समर्पित टीम काम कर रही है। 29 जनवरी को टीम को बेगमपुर इलाके में अवैध शराब की बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसआई अशोक, हेड कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल जोगिंदर, परवीन व आर्यमना की टीम ने इलाके में जाल बिछाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 90 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 3650 क्वार्टर, 180 बोतल देसी शराब और 24 बोतल बीयर शामिल थी। बरामद शराब के ब्रांड्स में संतरा मसालेदार, नाइट ब्लू, रेस इंग्लिश लिकर, फाल्कन देसी शराब और किंगफिशर बीयर शामिल थे। इन सभी पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” अंकित था।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शिवराज, निवासी निहाल विहार के रूप में हुई है। पूछताछ में शिवराज ने खुलासा किया कि वह इस खेप को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने जा रहा था। आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने बेगमपुर थाने में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शिवराज को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उस मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है जिसके इशारे पर यह अवैध शराब मंगवाई गई थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More