आजादपुर मंडी में पुलिस ने 4 चोरी के मोबाइल के साथ शातिर चोर ‘नोनू’ को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने वारदातों पर लगाम कसते हुए आजादपुर मंडी इलाके से एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। थाना महेंद्र पार्क की एनएस मंडी पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को उस वक्त दबोचा, जब वह भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिससे चोरी के चार बड़े मामले सुलझ गए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले में गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 18-19 जनवरी की दरम्यानी रात एसीपी शालीमार बाग राजबीर लंबा और थानाध्यक्ष विजय शानवाल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी एसआई सचिन के नेतृत्व में एक टीम इलाके में तैनात थी। टीम में शामिल हेड कांस्टेबल विजय शंकर और कांस्टेबल दशरथ जब आजादपुर मंडी के पीर बाबा गेट के पास पहुंचे, तो उन्हें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।

पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन गश्ती टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे थोड़ी ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से चार महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सोनू उर्फ नोनू, निवासी शक्ति नगर रेलवे कॉलोनी के रूप में हुई। जांच में पता चला कि बरामद मोबाइलों में से तीन महेंद्र पार्क थाने और एक जहांगीरपुरी थाने के इलाके से चोरी किए गए थे।

आरोपी सोनू का पुराना रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को पता चला कि वह एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी व स्नैचिंग के 6 मामलों में संलिप्त रहा है। पूछताछ में उसने कबूला कि वह कम समय में ‘आसान पैसा’ कमाने और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह चोरी के इन मोबाइलों को किसे बेचने वाला था और उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More