ई-रिक्शा सवार महिला से मोबाइल छीनने वाला स्नैचर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने स्नैचिंग की वारदातों पर लगाम कसते हुए आदर्श नगर इलाके में हुई मोबाइल लूट की गुत्थी को सुलझा लिया है। थाना आदर्श नगर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक स्नैचर को गिरफ्तार किया है, जिसने महज कुछ दिनों पहले ई-रिक्शा सवार महिला से मोबाइल छीना था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 27 जनवरी को हरियाणा के बहादुरगढ़ की रहने वाली इंद्रजीत नंदल ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता आजादपुर मंडी से मेट्रो स्टेशन की ओर ई-रिक्शा में जा रही थी, तभी आजादपुर अंडरपास के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसीपी जहांगीर पुरी योगेंद्र खोखर और थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर लव अत्रे के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल लीला राम, कांस्टेबल रोहित रंजन और बल किशन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी जांच और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने वज़ीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी कर 22 वर्षीय अमन को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी अमन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमन पहली बार किसी आपराधिक वारदात में पकड़ा गया है और उसका कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। उसने खुलासा किया कि ‘शॉर्टकट’ से जल्द पैसा कमाने और अपनी शौक-मौज पूरी करने के लालच में उसने स्नैचिंग की राह चुनी। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने शहर के अन्य इलाकों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More