तिलक नगर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ‘रड्डा’, 23 वारदातों में शामिल अपराधी फिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। तिलक नगर थाने की तिलक विहार पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान घेराबंदी कर इस शातिर बदमाश को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी ‘रड्डा’ अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है और उसके खिलाफ पहले से 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर के अनुसार, 29 जनवरी की दोपहर करीब 02:15 बजे तिलक विहार चौकी की टीम इलाके में रूटीन गश्त पर थी। टीम में शामिल हेड कांस्टेबल धर्मवीर और कांस्टेबल रवि की नजर मनोहर नगर गुरुद्वारे की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पर पड़ी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह सकपकाने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोक लिया और मोटरसाइकिल के दस्तावेजों की जांच की।

सत्यापन के दौरान पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल तिलक नगर थाने के अधिकार क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने तुरंत मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान 28 वर्षीय आकाश उर्फ रड्डा के रूप में हुई, जो ख्याला के धर्मपुरी इलाके का रहने वाला है। सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी की स्कूटी बरामद की है।

आरोपी आकाश उर्फ रड्डा का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस के होश उड़ गए; वह चोरी और अन्य संगीन अपराधों के 23 मामलों में पहले से संलिप्त पाया गया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने वाहन चोरी के दो प्रमुख मामले सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने ये वाहन किसे बेचने के लिए चुराए थे और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन शामिल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More