मां से विवाद का बदला लेने के लिए मासूम को उतारा था मौत के घाट, हुआ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में कल हुए 12 वर्षीय मासूम के सनसनीखेज हत्याकांड को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, उन्होंने रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक कहानी बयां की है।

शास्त्री पार्क थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंजीत तोमर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी वाजिद खान (36 वर्ष) को दबोच लिया। वाजिद शास्त्री पार्क के ही डीडीए फ्लैट्स का रहने वाला है। गौरतलब है कि कल सुबह शास्त्री पार्क चौक लूप के पास एक 12 साल के बच्चे का शव मिला था, जिसकी हत्या कर उसे वहां फेंका गया था।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी वाजिद खान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने खुलासा किया कि मृतक बच्चे की मां के साथ उसके प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच किसी बात को लेकर गहरा विवाद चल रहा था। इसी आपसी रंजिश और विवाद का बदला लेने के लिए उसने मासूम बच्चे को अपनी हवस और गुस्से का शिकार बनाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट के निर्देश पर पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात में वाजिद के साथ कोई और भी शामिल था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More