न्यू उस्मानपुर इलाके में डीडीए पार्क में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शास्त्री पार्क इलाके में कल एक मासूम का शव मिलने के बाद, 31 जनवरी की सुबह न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के एक पार्क में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह न्यू उस्मानपुर थाने को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क स्थित डीडीए पार्क में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां करीब 25 साल के एक युवक की लाश बरामद हुई। शव की हालत और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिले की फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां मौजूद साक्ष्यों को कब्जे में लिया है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।

न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है ताकि यह पता चल सके कि शव को वहां कब और किसने फेंका। महज 24 घंटे के भीतर शास्त्री पार्क जैसे व्यस्त इलाके में दो शव मिलने से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More