शास्त्री पार्क चौक के पास मिला खून से लथपथ किशोर का शव, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के शास्त्री पार्क इलाके में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शास्त्री पार्क चौक लूप के पास एक 12 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में मामला हत्या का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी की सुबह करीब 09:50 बजे शास्त्री पार्क थाने को सूचना मिली कि लूप के पास एक लड़का बेसुध हालत में पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां करीब 12 साल का एक मासूम अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने शास्त्री पार्क थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने क्राइम सीन का बारीकी से निरीक्षण किया है और वहां से अहम सबूत एकत्र किए हैं।

डीसीपी के निर्देश पर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर इलाके में तैनात कर दी गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मासूम को वहां कौन छोड़ गया या उसकी हत्या किस वजह से की गई। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के साथ-साथ मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More