फिसली बाइक और चढ़ गया पुलिस के हत्थे; शातिर चोर की गिरफ्तारी से सुलझे चोरी के 3 मामले

नई दिल्ली: दिल्ली की वेस्ट जिला पुलिस ने इलाके में सक्रिय अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। राजौरी गार्डन थाने की सुभाष नगर पुलिस चौकी की टीम ने एनकाउंटर जैसी मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को उस वक्त दबोचा जब वह भागने की कोशिश कर रहा था। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक साइकिल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के तीन बड़े मामले सुलझ गए हैं।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम को शाम और रात के समय गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी रणनीति के तहत एसीपी राजौरी गार्डन नीरज टोकस और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवींद्र जोशी की देखरेख में सुभाष नगर चौकी प्रभारी एसआई विक्रांत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में हेड कांस्टेबल शंकर, राजेश और कांस्टेबल रजत को शामिल किया गया था।

30 जनवरी की शाम जब पुलिस टीम सुभाष नगर स्थित छतरी वाला पार्क के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल सवार युवक तेजी से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगा। इसी भागदौड़ में उसकी बाइक कुछ ही दूरी पर फिसल गई और सतर्क पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जांच में पाया गया कि वह जिस बाइ का इस्तेमाल कर रहा था, वह राजौरी गार्डन थाने से ही चोरी की गई थी।

आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गौरव, निवासी सीतापुरी, डाबरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। वह कोई मामूली अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने केशव पुरम इलाके से चोरी हुई एक स्कूटी और राजौरी गार्डन से चोरी हुई एक हरक्यूलिस साइकिल भी बरामद की है। पुलिस के पास आरोपी की साइकिल चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें उसका चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस उसके दिल्ली-एनसीआर में फैले अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More