द्वारका में नशे के सौदागरों पर पुलिस का वार: प्रतिबंधित गोलियों और इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। बिंदापुर थाना पुलिस की टीम ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां और इंजेक्शन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए इलाके में अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी कर रहा था।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि बिंदापुर थाने की टीम को इलाके में सक्रिय अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार पर पैनी नजर रखने के लिए अलर्ट किया गया था। एसीपी डाबरी राजकुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र और इंस्पेक्टर नरेश सांगवान की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल जय भगवान, नीरज और कांस्टेबल आशीष व राजेश डागर शामिल थे। टीम ने स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र और गुप्त मुखबिरों को सक्रिय किया ताकि ऐसे अपराधियों को दबोचा जा सके।

पुलिस को 24 जनवरी को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारका सेक्टर-3 के डी ब्लॉक पार्क में प्रतिबंधित ब्यूप्रेनोरफिन गोलियां बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल जय भगवान और नीरज की टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से ब्यूप्रेनोरफिन और सब्लिंगुअल वर्नर-एन की 11 प्रतिबंधित गोलियां और फेनिरामाइन मैलिएट (एविल) के 9 इंजेक्शन बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान संजय पुत्र ओम प्रकाश निवासी द्वारका सेक्टर-3 के रूप में हुई। 35 वर्षीय संजय ने खुलासा किया कि वह कोई काम नहीं करता और खुद नशे का आदी है। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने और पैसा कमाने के लिए वह प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई करता था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिंदापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह ये नशीली दवाएं कहां से लाता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More