दिल्ली में चोरी कर यूपी में छिपाया था माल, पकड़ा गया ‘नेपाली’ चोर, सोने के जेवरात बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से दबोचा और उसके पास से चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान महिपाल उर्फ नेपाली (30) के रूप में हुई है।

पूर्वी जिला के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धनियां ने बताया कि 27 जनवरी को मुखर्जी नगर निवासी अखिल रोहतगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लक्ष्मी नगर इलाके में उनका एक बैग चोरी हो गया है। बैग में सोने की एक चेन, तीन सोने की अंगूठियां और 5,000 रुपये नकद थे। पीड़ित की शिकायत पर लक्ष्मी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी के मार्गदर्शन और लक्ष्मी नगर थाना अध्यक्ष की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल किशन कुमार, मनोज और वसीम अकरम शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के आने-जाने के रास्तों का मिलान किया। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी महिपाल उर्फ नेपाली के रूप में हुई।

आरोपी की लोकेशन मिलते ही दिल्ली पुलिस की एक टीम तुरंत उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के राजपुर गांव भेजी गई। वहां पुलिस ने घेराबंदी कर महिपाल को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई सोने की चेन और तीनों अंगूठियां बरामद कर ली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जल्द अमीर बनने और पैसों के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More