पहाड़गंज में होटल की आग के बीच पुलिस का जांबाज एक्शन, मौत के मुंह से सुरक्षित निकाले 8 लोग

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला के पहाड़गंज इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक होटल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जब होटल ‘पल्लवी पैलेस’ आग की लपटों और धुएं के गुबार से घिरा था और लोग अपनी जान बचाने के लिए चीख रहे थे, तब नबी करीम थाने के पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए ‘देवदूत’ बनकर 8 लोगों की जान बचाई। पुलिस की इस बहादुरी और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

मध्य जिला के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 28-29 जनवरी की रात करीब 3:00 बजे होटल पल्लवी पैलेस में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस टीम पीसीआर कॉल मिलने से पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थी। होटल की चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रिसेप्शन से शुरू हुई आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया था। होटल के 18 कमरों में ठहरे मेहमान धुएं के कारण अंदर ही फंस गए थे।

पड़ोसी होटल की छत से चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

आग इतनी भीषण थी कि मुख्य दरवाजा पूरी तरह ब्लॉक हो चुका था। स्थिति को भांपते हुए कांस्टेबल फेरू, संजय और मुकुल ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पुलिस टीम बगल के ‘होटल चंचल’ की चौथी मंजिल पर पहुंची और छतों के रास्ते होटल पल्लवी पैलेस की छत पर दाखिल हुई।

ग्रिल तोड़कर बचाई बालकनी में फंसे लोगों की जान

दम घोंटने वाले धुएं के बीच तीन यात्री बालकनी में फंसे हुए थे और जान बचाने के लिए कूदने की कोशिश कर रहे थे। दोनों होटलों की बालकनी के बीच लोहे की ग्रिल और कांच की दीवार थी। पुलिस टीम ने भारी मशक्कत के बाद ग्रिल और कांच को तोड़ा और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद टीम ने कमरे नंबर 203 का दरवाजा तोड़कर वहां सो रहे दो अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया।

8 लोगों का रेस्क्यू, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

इस साहसी ऑपरेशन में पुलिस ने कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 3 लोग झुलस गए थे जिन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से एक व्यक्ति करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है। दमकल की 11 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More