ऑटो में ‘पुलिस चेकिंग’ का डर दिखाकर गहने उड़ाने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिला की थाना सनलाइट कॉलोनी के अंतर्गत आने वाली सराय काले खां पुलिस चौकी की टीम ने यात्रियों को झांसा देकर लूटने वाले एक शातिर ‘ऑटो गैंग’ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक सप्ताह की कड़ी मशक्कत और तकनीकी जांच के बाद दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ साहिल और फहीम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सराय काले खां और सनलाइट कॉलोनी इलाके में ऑटो में यात्रियों के साथ चोरी की कई शिकायतें मिली थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मिहिर सकरिया और थाना अध्यक्ष अशोक कुमार की देखरेख में सराय काले खां चौकी प्रभारी एसआई नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में पीएसआई दीपक, हेड कांस्टेबल सुरेंदर, वीरेंद्र, गौरव, रणजीत और कांस्टेबल राकेश शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण से एक संदिग्ध ऑटो की पहचान हुई। जब पुलिस ने ऑटो के रिकॉर्ड की जांच की, तो पता चला कि उसके मालिक के नाम पर भारी राशि के ट्रैफिक चालान लंबित हैं। हवलदार सुरेंद्र द्वारा जुटाए गए इनपुट और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी फहीम को बटला हाउस इलाके से धर दबोचा। फहीम की निशानदेही पर उसके साथी साजिद उर्फ साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऑटो चालक फहीम रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर अकेले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को कम किराए का लालच देकर बैठाता था। ऑटो की पिछली सीट पर उसका साथी साजिद पहले से सवारी बनकर बैठा रहता था। रास्ते में साजिद यात्रियों को पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर कीमती सामान बैग में रखने को कहता था। जैसे ही यात्री सामान बैग में रखता, साजिद नजर बचाकर गहने निकाल लेता था। इसके बाद फहीम किसी खराबी या इमरजेंसी का बहाना बनाकर यात्रियों को बीच रास्ते में उतारकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से शुद्ध सोने की दो चूड़ियां, एक जोड़ी कान की बाली, चांदी की अंगूठी, चोरी का नोकिया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। आरोपी साजिद उर्फ साहिल पहले से ही हत्या और चोरी जैसे 6 गंभीर मामलों में शामिल रहा है, जबकि फहीम पर भी पहले से अपराधिक मामला दर्ज है। इनकी गिरफ्तारी से सनलाइट कॉलोनी और पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया के कुल 4 मामले सुलझ गए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More