गश्त के दौरान तिलक नगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, आदतन अपराधी से चोरी के तीन वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला के तिलक नगर थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे शातिर वाहन चोर को दबोचा है, जो चोरी की ‘सेंचुरी’ लगाने की राह पर था। पकड़े गए आरोपी प्रदीप चंद उर्फ बाबू के खिलाफ पहले से ही चोरी के 31 मामले दर्ज हैं। आरोपी के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की गई हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए तिलक नगर सब-डिवीजन की एसीपी गरिमा तिवारी की देखरेख में विशेष टीमें गठित की गई हैं। 27 जनवरी को तिलक नगर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर विनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल करण सिंह और हेड कांस्टेबल हरबीर की टीम नजफगढ़ रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान न्यू महावीर नगर के पास टीम ने एक संदिग्ध युवक को बिना हेलमेट के नीले और सफेद रंग की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रदीप चंद उर्फ बाबू (24), निवासी प्रेम नगर-II, नांगलोई के रूप में हुई। जब पुलिस ने जिपनेट के जरिए मोटरसाइकिल की जांच की, तो पता चला कि यह वाहन बीते 16 नवंबर को तिलक नगर इलाके से ही चोरी हुआ था। इसके बाद जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हरि नगर से चोरी हुई एक होंडा एक्टिवा और पश्चिम विहार ईस्ट से चोरी हुई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इन चोरी के वाहनों को किन गिरोहों को सप्लाई करता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More