बांदा में परीक्षा देकर लौट रही छात्रा हवा के झोंके से रेल ट्रैक पर गिरी, ऊपर से गुजरी ट्रेन, कैसे बची जिंदा?

राष्ट्रीय जजमेंट

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा में कॉलेज से अर्धवार्षिक परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा की जान खतरे में पड़ गई। छात्रा रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की तेज हवा के दबाव से पटरी के बीच गिर पड़ी। करीब 9 मिनट तक मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजरती रही। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए छात्रा को हिलने-डुलने से रोकते हुए पटरी के बीच लेटे रहने की सलाह दी, जिससे उसकी जान बच सकी।
जमालपुर थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी अलका पुत्री अंजू यादव मंगलवार शाम जीजीआईसी स्कूल से परीक्षा देकर घर लौट रही थी। क्योटरा रेलवे ट्रैक पार करते समय स्टेशन की ओर से आ रही मालगाड़ी उसकी नजर से ओझल रही। जैसे ही उसने ट्रेन को देखा, उसे लगा कि वह सुरक्षित ट्रैक पार कर लेगी, लेकिन तभी तेज रफ्तार मालगाड़ी के हवा के दबाव से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी के बीच गिर गई।

लड़की के हाथ की दो उंगलियां कटीं
हादसे के वक्त वहां मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने छात्रा को वहीं स्थिर लेटे रहने के लिए कहा, जिसके चलते वह ट्रेन के नीचे आने के बावजूद बच गई। हालांकि हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और दाहिने हाथ की दो उंगलियां कट गईं। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। बेटी की हालत की खबर मिलते ही पिता अंजू यादव जिला अस्पताल पहुंचे और बदहवास नजर आए। उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी बाद में मिली।
पुलिस और रेलवे जांच में जुटी
शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम विजय कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल भिजवाया गया। मामले की जांच की जा रही है। जीआरपी थाना प्रभारी शिव बाबू ने बताया कि दुर्घटना रेलवे सिग्नल के आगे सिविल लाइन क्षेत्र में हुई है। सिविल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More