कब्जामुक्त कराएं जमीन, भू-माफिया पर सख्त हो एक्शन’, CM योगी का जनता दर्शन में निर्देश, अन्याय नहीं होने देंगे

राष्ट्रीय जजमेंट

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर प्रवास के तीसरे दिन बुधवार की सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने 150 फरियादियों की शिकायतों को सुना। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति की जमीन पर यदि किसी दबंग या भूमाफिया ने कब्जा किया है तो तत्काल जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए। दूसरे की जमीन कब्जा करने वाले दबंगों, कमजोरों को उजाड़ने वालों और भूमाफिया को कतई न बख्शा जाए। उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और सबक सिखाया जाए। सीएम ने दोहराया कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने। सरकार हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है। सीएम योगी ने मंगलवार को भी जनता दर्शन में 200 लोगों की शिकायतें सुनी थीं।
जनता दर्शन में सुनीं शिकायतें
सीएम योगी बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किया कि समस्याओं का त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण कराया जाए।
जमीन कब्जा मामले में सख्त रुख
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश देने के साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। जनता दर्शन में दबंगों की ओर से जमीन कब्जा किए जाने की एक शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद प्रशासन एवं पुलिस के अफसरों को कड़े निर्देश दिए। जमीन कब्जा की शिकायत पर त्वरित एक्शन लिया जाए। जमीन कब्जामुक्त होनी चाहिए। सीएम योगी ने यह भी कहा कि सुनिश्चित कराएं कि कोई भी दबंग किसी की जमीन पर कब्जा न करने पाए।
पारिवारिक विवाद के भी आए मामले
जनता दर्शन में कुछ महिलाओं ने ससुराल पक्ष से विवाद तथा परिवार से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। सीएम योगी ने इन शिकायतों पर अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के साथ संवाद कर समस्या का समाधान कराया जाए। ऐसा न होने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More