सावधान! क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लगा रहे सेंध, दिल्ली के होटल से चल रहा था ठगी का खेल, दो कॉलर समेत चार गिरफ्तार

फरीदाबाद : क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले एक शातिर गिरोह का साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली के पालम विहार स्थित एक होटल में छापेमारी कर दो कॉलर सहित कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह होटल का कमरा किराए पर लेकर वहां से फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। आरोपितों की पहचान साहिल (23), रजनी (काल्पनिक नाम, 21), अर्जुन (21) और अमन (25) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रोशन नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 नवंबर 2025 को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को डीबीएस बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया और भरोसा दिलाया कि वह उनके कार्ड की लिमिट बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर देगा।

झांसे में लेकर आरोपित ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने लिंक खोलकर उसमें अपने क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी भरी, उनके खाते से 73,664 रुपये कट गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर थाने में मामला दर्ज कराया।

तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दिल्ली में दबिश दी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपित साहिल और अमन ने पालम विहार में एक होटल का कमरा किराए पर लिया हुआ था। यहीं बैठकर अर्जुन और रजनी ग्राहकों को कॉल करते थे, जबकि साहिल और अमन उन्हें डेटा और फर्जी सिम उपलब्ध कराते थे। पकड़े गए आरोपितों में रजनी ग्रेजुएशन की छात्रा है, जबकि साहिल 12वीं और अमन 10वीं पास है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित साहिल, अर्जुन और अमन को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान इनसे अन्य वारदातों और इनके पास मौजूद डेटा के स्रोतों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More