शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला से 6.13 लाख की ठगी, ग्वालियर से चार गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से चार ऐसे आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। आरोपियों की पहचान गौतम केसरिया (23), अभिषेक परेटा (21), उदय (23) और प्रशांत (23) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-37 निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 सितंबर को उनके टेलीग्राम पर ट्रेडिंग के जरिए घर बैठे पैसे कमाने का मैसेज आया था। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़कर फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया गया। आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने अच्छा मुनाफा कमाने की चाह में अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 6,13,000 रुपये निवेश कर दिए।

जब ठगों ने महिला पर और अधिक निवेश का दबाव बनाया, तो उन्होंने मना कर दिया और अपनी जमा राशि वापस मांगी। इस पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि गिरोह के तार मध्य प्रदेश से जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपितों में से उदय, प्रशांत और अभिषेक इंदौर में एक साथ मिलकर जिम चलाते हैं, जबकि गौतम पेशे से ड्राइवर है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन लोगों ने एक चेन बनाकर बैंक खाते ठगों तक पहुँचाए थे। आरोपी गौतम ने हर्षवर्धन नामक व्यक्ति का खाता अभिषेक को दिया, जिसने आगे उदय और प्रशांत के माध्यम से मुख्य ठगों तक इसे पहुँचाया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य खाताधारक हर्षवर्धन को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। अब पकड़े गए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस मुख्य ठगों और ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास करेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More