अभाविप के प्रदेश अधिवेशन का पोस्टर विमोचित, जेएनयू में छात्र शक्ति का शंखनाद, जुटे हजारों छात्र

नई दिल्ली: विश्वविद्यालय (जेएनयू) का ‘वेदांत स्थल’ बुधवार को राष्ट्रवादी नारों और युवाओं के उत्साह से सराबोर नजर आया। अवसर था अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली के आगामी 61वें प्रदेश अधिवेशन के पोस्टर विमोचन का। ‘जेएनयू ओलंपिक 2.0’ के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छात्र राजनीति और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।

अधिवेशन के पोस्टर का अनावरण मुख्य अतिथि व अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी और विशिष्ट अतिथि व भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान अर्जुन अवॉर्डी दीपक निवास हुड्डा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आगामी 31 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक रोहिणी स्थित केशव महाविद्यालय में आयोजित होने वाला यह अधिवेशन दिल्ली के शैक्षणिक विमर्श और छात्र राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। दो दिवसीय इस आयोजन में दिल्ली भर के हजारों छात्र प्रतिनिधि आगामी वर्ष की कार्ययोजना और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर गहन मंथन करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रदेश अधिवेशन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और वैचारिक प्रतिबद्धता का उत्सव है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली का छात्र समुदाय इस अधिवेशन के माध्यम से राष्ट्र-पुनर्निर्माण के अपने संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा। वहीं, अर्जुन अवॉर्डी दीपक निवास हुड्डा ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रांतीय अधिवेशन दिल्ली के छात्रों और शैक्षणिक परिसरों को आने वाले वर्ष के लिए एक नई सकारात्मक दृष्टि प्रदान करेगा।

अभाविप जेएनयू इकाई के अध्यक्ष मयंक पांचाल ने बताया कि इस अधिवेशन में जेएनयू से कार्यकर्ताओं की एक बड़ी टोली सक्रिय रूप से सहभागिता करेगी, जो परिसर में राष्ट्र-केंद्रित विमर्श को बढ़ावा देने के ध्येय को आगे बढ़ाएगी। इकाई मंत्री प्रवीण कु० पीयूष के अनुसार, पोस्टर लॉन्च के दौरान सैकड़ों छात्रों की उपस्थिति रही और पूरा परिसर ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More