तीस हजारी कोर्ट के पास दबोचा गया नबी करीम का हिस्ट्रीशीटर, कब्जे से चाकू और चोरी का मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी थाना अंतर्गत तीस हजारी कोर्ट पुलिस चौकी की टीम ने एक शातिर स्नैचर और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजन (26) निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के 23 मामलों में पहले से शामिल रहा है।

डीसीपी (नॉर्थ) राजा बांठिया ने बताया कि इलाके में स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए ‘रोको-टोको’ अभियान के तहत पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। इसी कड़ी में 25 जनवरी की शाम करीब 07:30 बजे, तीस हजारी कोर्ट चौकी प्रभारी एसआई तस्बीर माथुर के नेतृत्व में कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल रियांशु चर्च रोड, सराय फूस के पास गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें स्कूटी पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। सतर्क जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी राजन के पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। सख्ती से जांच करने पर उसकी स्कूटी से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो नवंबर 2025 में लाहौरी गेट इलाके से चोरी किया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी राजन नबी करीम थाने का घोषित अपराधी (BC) है और अक्टूबर 2025 में ही जेल से बाहर आया था। उसने कुबूल किया कि वह किसी सॉफ्ट टारगेट की तलाश में स्कूटी पर घूम रहा था और विरोध करने वालों को डराने के लिए उसने सदर बाजार से ₹400 में चाकू खरीदा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजन नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में उतरा। पहले वह अपने पिता के साथ टेंपो चलाने में मदद करता था, लेकिन बुरी आदतों के चलते वह शातिर अपराधी बन गया। सब्जी मंडी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More