मंडावली में लूट का विरोध करने पर युवक को पेट में घोंपा चाकू, पुलिस ने दो नाबालिगों को दबोचा

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना पुलिस ने लूट और चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए दो नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों ने लूट का विरोध करने पर एक युवक के पेट में चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कूटी भी बरामद कर ली है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (ईस्ट डिस्ट्रिक्ट) अभिषेक धानिया ने बताया कि 27 जनवरी की रात करीब 12:52 बजे एलबीएस अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक को चाकू लगने के बाद इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान वेस्ट विनोद नगर निवासी प्रियांशु रावत के रूप में हुई। होश में आने के बाद प्रियांशु ने बताया कि वह अपने काम से घर लौट रहा था, तभी तालाब चौक के पास दो स्कूटी पर सवार चार लड़कों ने उसे घेर लिया। जब उसने अपना मोबाइल छीनने का विरोध किया, तो एक आरोपी ने उसके पेट में चाकू मार दिया। बदमाश उससे ₹400 लूटकर फरार हो गए, हालांकि वे मोबाइल नहीं ले जा सके।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए मंडावली थाना एसएचओ इंस्पेक्टर अनीश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और जाल बिछाकर दो नाबालिगों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से वह सफेद स्कूटी भी बरामद कर ली है जो सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रही थी। नियमानुसार दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे उनके बाकी दो साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More