मंडावली में बड़ा हादसा: दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक अपार्टमेंट में काम के दौरान ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 43 वर्षीय गणेश कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले का रहने वाला था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी को मंडावली पुलिस को सूचना मिली थी कि ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के ‘तरंग अपार्टमेंट’ में काम करते समय एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर घायल हो गया है। जांच में पता चला कि मृतक गणेश कुमार लेबर चौक से एक दिन के लिए पीओपी का काम करने के लिए अपार्टमेंट आया था। वह दूसरी मंजिल की बालकनी में पीओपी का काम कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा।

गंभीर रूप से घायल गणेश को तुरंत खिचड़ीपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे लक्ष्मी नगर के मक्कड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 26 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और वे दिल्ली पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की गई है, जिसमें सामने आया है कि यह एक दुर्घटना थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों को लेकर भी जांच की जा रही है कि काम के दौरान क्या सावधानी बरती गई थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More